रायपुर। शहर में आज सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार नीलेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह लगभग 11 बजे रिंग रोड पर पचपेड़ी नाका क्रॉस कर शैलेन्द्र नगर मार्ग की ओर जाते समय हुई।
बताया जा रहा है कि स्कूटी से जा रहे पत्रकार नीलेश शर्मा को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक ने पहले एक कार सहित अन्य वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद श्री शर्मा भी हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में उनकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के तुरंत बाद उन्हें रिंग रोड स्थित नवकार अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। एक पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है, जिस पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। सिर में गहरी चोट के कारण टांके लगाए गए हैं तथा रक्तस्राव को नियंत्रित कर लिया गया है। सीटी स्कैन रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
रायपुर शहर के एसीपी दीपक मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से श्री शर्मा की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी ली।
इधर, दुर्घटना की खबर मिलते ही कई वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।
