व्यापार प्रकोष्ठ में सशक्त नेतृत्व की ओर कदम, सुब्रत घोष को नई जिम्मेदारी
रायपुर, छत्तीसगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक विस्तार के तहत व्यापार प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया गया है। इस क्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता सुब्रत घोष को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. नितिन नवीन जी के मार्गदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष मा. किरण सिंह देव जी की सहमति तथा भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक सुबोध अग्रवाल जी के नेतृत्व में की गई है।
नव-नियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुब्रत घोष ने इस दायित्व के लिए भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व सहित सभी वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
सुब्रत घोष ने अपने राजनीतिक जीवन में मार्गदर्शन देने वाले अपने पथ प्रदर्शक राजकुमार राठी जी के योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राठी जी के सतत आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में उन्हें राजनीति के विविध आयामों को समझने और संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ के माध्यम से व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण एवं संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सुब्रत घोष ने यह भी स्पष्ट किया कि वे संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की है।
समापन में उन्होंने कहा — “वरिष्ठों के आशीर्वाद के साथ सेवा ही मेरा संकल्प है।”


